नई दिल्ली: दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सूक चार से सात नवंबर तक भारत दौरे पर आ रही हैं। वह इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा छह नवंबर को अयोध्या में आयोजित 'दीपोत्सव' कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगी। साथ ही अयोध्या में रानी सूरीरत्ना (ही-वांग-ओक) के स्मारक उद्घाटन की भी साक्षी बनेंगी।
उनके साथ उच्चस्तरीय सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले साल से अयोध्या में 'दीपोत्सव' के आयोजन की शुरुआत की है। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) की जिम्मेदारी संभाली रहीं प्रीति सरन ने एक बयान में बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम में दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला का भाग लेना दोनों देशों के बीच करीबी सभ्यता को दर्शाता है।
कोरियाई किवदंतियों के मुताबिक लगभग दो हजार साल पहले अयोध्या की राजकुमारी सूरीरत्ना ने यहां से जाकर कोरिया के राजा किम सूरो से विवाह किया था जिसके बाद उन्हें ही-वांग-ओक के नाम से जाना गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जुलाई 2018 में कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति मून जे इन भारत आए थे। उनकी यात्रा ने दोनों देशों के बीच संबंधों को नई मजबूती प्रदान की। इसी दौरान दोनों देशों ने जहां रानी सूरीरत्ना के स्मारक विस्तार के लिए हस्ताक्षर किए थे, वहीं कोरियाई राष्ट्रपति ने दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजने पर रजामंदी दी।
|